अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, ‘मनविधान’ से चलाने का लगाया आरोप


लखनऊ में हुई बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई मुद्दों पर सरकार को घेरा
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा “सौदागर की तरह काम कर रही है” और केवल मुनाफे के उद्देश्य से कार्य कर रही है, जिसके कारण प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े-बड़े निवेश के दावे कर रही थी, लेकिन अपेक्षित निवेश नहीं आया। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा “संविधान से नहीं बल्कि मनविधान” से शासन चला रही है, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हो रही हैं।
अखिलेश यादव ने युवाओं से जुड़ी समस्याओं, रोजगार की कमी, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।


उन्होंने यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी 14 अप्रैल 2026 को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती गांव और सेक्टर स्तर पर मनाएगी और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी चुनावों में जनता के सहयोग से भाजपा को हराकर प्रदेश में पुनः सरकार बनाएगी।
अंत में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं से अपील की कि वे समाजवादी विचारधारा को मजबूत करें और जनता के अधिकारों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें।


