एडीजी आलोक सिंह ने किया निरीक्षण, ‘बड़ा खाना’ में जवानों का बढ़ाया मनोबल


औरैया कोतवाली में मिशन शक्ति केंद्र व पुलिस कैफे का उद्घाटन, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश
- दीपांशु सावरन
औरैया/कानपुर। एडीजी जोन कानपुर आलोक सिंह द्वारा औरैया कोतवाली में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क तथा पुलिस कैफे का उद्घाटन किया गया। इस पहल को पुलिस व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उद्घाटन के बाद एडीजी ने थाना कार्यालय, हवालात और सीसीटीएनएस का निरीक्षण किया। साथ ही अभिलेखों की अद्यतन स्थिति और थाना परिसर की साफ-सफाई का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और त्वरित जनसेवा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र और पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात भी मौजूद रहे।
इसी क्रम में एडीजी, डीआईजी रेंज कानपुर एवं एसपी औरैया द्वारा कोतवाली परिसर में नवनिर्मित भोजनालय का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके बाद आयोजित “बड़ा खाना” कार्यक्रम में अधिकारियों ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को अपने हाथों से भोजन परोसकर उनका मनोबल बढ़ाया।
इस आयोजन से पुलिस बल में उत्साह और समन्वय को बढ़ावा मिला।



