NEWSUttar Pradesh

जिला उद्योग व्यापार मंडल का होली-ईद मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न

20 वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव, व्यापारियों का हुआ सम्मान और पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

  • निखिल गुप्ता

फतेहपुर। जिला उद्योग व्यापार मंडल (पंजी०) के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली मिलन एवं ईद मिलन समारोह का भव्य आयोजन एस.जी. गार्डन, आईटीआई रोड फतेहपुर में किया गया। कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे की गरिमामयी उपस्थिति में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें व्यापारी वर्ग, पदाधिकारीगण एवं जिले के नागरिकों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता संतोष तिवारी की उपस्थिति ने विशेष आकर्षण जोड़ा और व्यापारियों का उत्साह बढ़ाया। आयोजन की शुरुआत गणेश वंदना एवं आरती के साथ हुई। इसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शंकर-पार्वती की लीला और हनुमान जी के विराट स्वरूप ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन राधा-कृष्ण के साथ फूलों की होली खेलकर किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए। बिंदकी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील लोहिया को पदोन्नति देकर जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया तथा नई जिला कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए गए। वहीं डी.एस. आइस फैक्ट्री के एमडी धीरेंद्र सिंह, जो अब तक जिला महामंत्री एवं प्रवक्ता का कार्यभार संभाल रहे थे, उन्हें पदोन्नत कर प्रदेश उपाध्यक्ष/प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया। इन नियुक्तियों से व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।

कार्यक्रम में दैनिक जागरण के जिला संवाददाता गोविंद दुबे, हरिओम रस्तोगी एवं आनंद रस्तोगी को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में वरिष्ठ व्यापारी हरिओम रस्तोगी ने प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे को चांदी का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान धाता अध्यक्ष भानु केसरवानी, खखरेडू अध्यक्ष अनिल केसरवानी, असोथर अध्यक्ष लक्ष्मी आर्या, गाजीपुर अध्यक्ष बब्बू सिंह, बिंदकी नगर अध्यक्ष टीम सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष मिश्रा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

Related Articles

Back to top button