NEWSUttar Pradesh

डीसीपी सेंट्रल ने किया अर्दली रूम, थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण और बीट पुलिसिंग सुदृढ़ करने के निर्देश

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने 7 मार्च 2026 को अपने कार्यालय में थाना बजरिया और चमनगंज के थाना प्रभारियों तथा सभी चौकी प्रभारियों के साथ अर्दली रूम किया। बैठक के दौरान उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

डीसीपी ने सभी चौकी प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचना के दौरान डिजिटल साक्ष्यों (ई-साक्ष्य) का विधिसम्मत संकलन, संरक्षण और उसे केस डायरी में दर्ज करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने क्षेत्र के अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही उनकी गतिविधियों की जानकारी समय-समय पर उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा।

डीसीपी सेंट्रल ने रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की नियमित चेकिंग करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने तथा किसी भी घटना की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को देने के लिए कहा।

बैठक में जनता के साथ बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही बीट पुलिसिंग को मजबूत करते हुए बीट बुक का नियमित संधारण करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसी गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीसीपी ने यक्ष (YAKSHA) ऐप का नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और अपराधियों से संबंधित जानकारी को ऐप में अपडेट करने और उसका सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Back to top button