बिधूना थाना का वार्षिक निरीक्षण, SP अभिषेक भारती ने दिए सख्त निर्देश

साफ-सफाई, अभिलेख प्रबंधन और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर
- दीपांशु सावरन
औरैया। जनपद औरैया के बिधूना थाना का वार्षिक निरीक्षण पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती द्वारा किया गया। इस दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया और विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, अभिलेखों के रख-रखाव, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क, बैरक और मेस सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की गई। एसपी ने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए, साथ ही लंबे समय से थाना परिसर में खड़े जब्त वाहनों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि थाना परिसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित होना चाहिए, जिससे आम जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित हो सके।
जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी एसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का भरोसा पुलिस पर बना रहे।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी बिधूना सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद विभागीय कार्यप्रणाली में और अधिक सक्रियता आने तथा व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।



