“बिहार को फिर से ज्ञान की भूमि बनाना है, माफिया की संपत्ति गरीबों में बंटेगी”: CM योगी आदित्यनाथ

- संगम झा
बिहार (समस्तीपुर)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में अब माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और उनकी संपत्ति गरीबों में बांटी जाएगी। उन्होंने कहा कि राजग सरकार बिहार को फिर से “ज्ञान की भूमि” के रूप में प्रतिष्ठित करेगी।
योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “जो लोग उत्तर प्रदेश से खारिज कर दिए गए हैं, वे कहते हैं कि हम सिर्फ नाम बदलते हैं। हमने नाम ही नहीं, काम से उत्तर प्रदेश की पहचान बदली है।” उन्होंने कहा कि बुलडोजर जब माफिया को कुचलता है और उनकी संपत्ति गरीबों में बांटी जाती है, तो वही सच्चा न्याय होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में आईआईएम, आईआईटी, एम्स और मेडिकल कॉलेजों का निर्माण हो रहा है, जो विकास की इच्छाशक्ति का प्रमाण है। उन्होंने विपक्ष पर धार्मिक आस्था का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, “जिन्होंने भगवान राम पर सवाल उठाए थे, वही आज छठी मइया पर सवाल कर रहे हैं।”
योगी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना ने गरीबों के जीवन में बदलाव लाया है। उन्होंने कहा, “आपका उत्साह बता रहा है कि बिहार में फिर से राजग की सरकार बनने जा रही है।”
भाजपा नेता ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि वही लोग हैं जिन्होंने बिहार को उसकी पहचान से वंचित किया और राज्य को अराजकता की ओर धकेल दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की शुरुआत हुई थी, अब उसी आधार पर बिहार को और आगे ले जाने का समय है।
योगी ने कहा कि एनडीए सरकार ने किसानों के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए ‘कार्गो’ और ‘ड्राई पोर्ट’ जैसी परियोजनाओं की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि बिहार की राजग सरकार ने विकास और विरासत के बीच संतुलन स्थापित किया है। इससे पहले योगी ने दरभंगा में रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।



