रबी फसलों की एमएसपी खरीद को बड़ी मंजूरी, तीन राज्यों के किसानों को मिलेगा लाभ

- सोनाली सिंह
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में रबी 2025-26 सीजन के दौरान दलहन और तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद के लिए 11,698 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति प्रदान की है। इस निर्णय से लाखों किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित होगा।
हरियाणा: चना और सरसों की खरीद को मंजूरी
हरियाणा में रबी 2026 के लिए 13,082 मीट्रिक टन चना और 3,60,528 मीट्रिक टन सरसों की एमएसपी पर खरीद को मंजूरी दी गई है। इस खरीद का कुल मूल्य 2,312 करोड़ रुपये से अधिक होगा, जिससे राज्य के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर प्रदेश: चना, मसूर और सरसों के लिए बड़ी स्वीकृति
उत्तर प्रदेश में चना, मसूर और सरसों की कुल लगभग 14.31 लाख मीट्रिक टन खरीद को मंजूरी दी गई है। इसमें चना के लिए 1,316 करोड़ रुपये, मसूर के लिए 4,739 करोड़ रुपये और सरसों के लिए 3,286 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है। यह फैसला राज्य के किसानों के लिए राहत और आय बढ़ाने वाला साबित होगा।
कर्नाटक: कुसुम फसल की खरीद को हरी झंडी
कर्नाटक में कुसुम (सैफ्लावर) की 6,923 मीट्रिक टन एमएसपी खरीद के लिए 45.27 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। यह खरीद मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत की जाएगी।
किसानों को मिलेगा सीधा फायदा
इन तीनों राज्यों में एमएसपी के तहत की जाने वाली खरीद से किसानों को औने-पौने दाम पर फसल बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी। साथ ही यह पहल देश में तिलहन और दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और कृषि व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों को इस निर्णय से और गति मिलेगी।



