विक्रमोत्सव-2026’ में सूर्योपासना, सीएम डॉ. मोहन यादव ने ब्रह्म ध्वज स्थापित कर दीं शुभकामनाएं

- अभिषेक कुमार
भोपाल। भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर रवींद्र भवन, भोपाल में ‘विक्रमोत्सव-2026’ के अंतर्गत ‘कोटि-कोटि सूर्योपासना’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्रह्म ध्वज की स्थापना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय नववर्ष का अपना एक विशेष महत्व और आनंद है, क्योंकि यह प्रकृति के नवसृजन, बसंत ऋतु के आगमन, फसलों के पूर्ण चक्र और किसान परिवारों की खुशहाली का प्रतीक है।

उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि वे आज भी सुशासन, दानशीलता, न्यायप्रियता और उत्कृष्ट व्यवस्था के कालजयी प्रतीक हैं। उनकी गौरवशाली विरासत को सहेजने और आमजन को उससे जोड़ने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने नव संवत्सर का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।



