‘सपनों की उड़ान’ में सम्मान का रंग, सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र अपूर्व व रीना पांडेय हुए सम्मानित

पवन तनय शिक्षा निकेतन के सांस्कृतिक महोत्सव में बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां
- दिव्या पाण्डेय
उन्नाव/कानपुर। चौबेपुर क्षेत्र के शेरपुर बैरा स्थित श्री पवन तनय शिक्षा निकेतन में आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘सपनों की उड़ान’ इस बार सम्मान समारोह के साथ खास बन गया। रंगारंग कार्यक्रमों के बीच विद्यालय परिवार ने विशिष्ट अतिथियों को ‘पवन तनय सम्मान’ से सम्मानित कर आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।
इस अवसर पर उन्नाव पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र अपूर्व और सब इंस्पेक्टर रीना पांडेय को शिक्षा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान एवं सामाजिक व प्रेरणादायक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों का अभिनंदन किया, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। ‘शिव तांडव’ की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं ‘देश मेरा’, ‘पापा मेरे’ और ‘सूरज के मुंह पर मलाई’ जैसे गीतों पर नन्हे बच्चों के नृत्य ने सभी का दिल जीत लिया। एक्ट मीडिया के जरिए बच्चों ने मीडिया की भूमिका पर जागरूकता का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुभकामना संदेश भेजते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रबंधक मनीष कुमार श्रीवास्तव और शैलेश श्रीवास्तव ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस मौके पर रिटायर्ड आईपीएस रतन श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश श्रीवास्तव, ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला, धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता विकसित करते हैं।
विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफल और प्रेरणादायक रहा।



