स्वच्छ, हरित और सुंदर लखनऊ की दिशा में बड़ा कदम: कूड़ा प्रबंधन के लिए 250 इलेक्ट्रिक व CNG वाहनों का फ्लैग ऑफ

- शालिनी शर्मा
लखनऊ। “स्वच्छ लखनऊ, स्वस्थ लखनऊ, हरित लखनऊ, सुंदर लखनऊ” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज लखनऊ नगर निगम की कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए 250 इलेक्ट्रिक एवं CNG वाहनों को हरित ऊर्जा आधारित बेड़े में शामिल किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाहनों का फ्लैग ऑफ किया। ये सभी वाहन पर्यावरण अनुकूल तकनीक पर आधारित हैं, जो शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने में भी सहायक होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये नए इलेक्ट्रिक वाहन ‘डोर-टू-डोर’ कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को और प्रभावी बनाएंगे। इससे न केवल कचरा संग्रहण की प्रक्रिया तेज और व्यवस्थित होगी, बल्कि लखनऊ को “क्लीन सिटी” और “ग्रीन सिटी” के रूप में विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
उन्होंने इस पहल को स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को मजबूत करने वाला कदम बताया और कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से शहरों को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। यह पहल लखनऊ को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।



