प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में गूंजा स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत का संदेश

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भाजपा द्वारा संचालित आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत भाजपा कानपुर जिले में आज भव्य प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मूलचंद निरंजन उपस्थित रहे।
सम्मेलन में अधिवक्ता, चिकित्सक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अध्यापक, शिक्षाविद और विभिन्न पेशों के बौद्धिकजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री संतोष शुक्ला ने किया।
मंचासीन वक्ताओं ने स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और समाज में नई ऊर्जा भरने वाला सामूहिक संकल्प है। जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा, “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” केवल मंत्र नहीं, बल्कि भारत के कारीगरों, किसानों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के प्रति सम्मान का भाव है।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वदेशी उत्पाद अपनाने से भारतीय मिट्टी, श्रम और गुणवत्ता को बढ़ावा मिलता है, जिससे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ठोस कदम बढ़ता है।
सम्मेलन में विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, भाजपा नेता सुयश अवस्थी, जितेंद्र विश्वकर्मा और अवधेश सोनकर भी उपस्थित रहे। सभी ने स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
अंत में, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने प्रबुद्ध वर्ग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा का यह अभियान तभी सफल होगा जब समाज का बौद्धिक वर्ग स्वदेशी और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाए।
इस संबंध में जानकारी भाजपा मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा द्वारा प्रदान की गई।



