होली से पहले सख्ती: SDM अजय आनन्द वर्मा की अगुवाई में मिठाई दुकानों पर छापेमारी, नमूने लैब भेजे

- दीपांशु सावरन
औरैया। होली पर्व को सुरक्षित और मिलावटमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में बुधवार को उपजिलाधिकारी सदर अजय आनन्द वर्मा के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मिठाई निर्माण एवं बिक्री प्रतिष्ठानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।
एसडीएम स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास की मौजूदगी में मिठाइयों के निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री, साफ-सफाई व्यवस्था तथा भंडारण की स्थिति का गहन निरीक्षण किया गया। दुकानों पर तैयार विभिन्न मिठाइयों की गुणवत्ता भी परखी गई।
प्राथमिक जांच में मिठाइयों की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई, लेकिन एहतियातन खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें उच्च स्तरीय परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम अजय आनन्द वर्मा ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को स्वच्छता मानकों का पालन करने, गुणवत्ता से समझौता न करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासनिक टीमें लगातार बाजारों में निरीक्षण करती रहेंगी और कहीं भी मिलावट या मानक के विपरीत सामग्री मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
होली जैसे बड़े त्योहार से पहले प्रशासन की इस कार्रवाई को उपभोक्ताओं में भरोसा बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।


