BundelkhandNEWS

सांसद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की “बलिनी डिजिटल एक्सप्रेस”, ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा नया अवसर

  • अमन कुमार

झांसी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को डिजिटल युग से जोड़ने और महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी ने अपनी नई पहल “बलिनी डिजिटल एक्सप्रेस” का शुभारंभ किया। इस आधुनिक सुविधा से लैस एक्सप्रेस को झाँसी-ललितपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

‘बलिनी डिजिटल एक्सप्रेस’ केवल दूध वितरण तक सीमित नहीं होगी। इसके माध्यम से ग्राहक अब ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे, डिजिटल भुगतान कर सकेंगे, और उत्पादों की ट्रैकिंग तथा ब्रांडिंग जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस पहल से महिला समूह की दक्षता, आय और बाज़ार तक पहुँच में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा,

“बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की यह पहल ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘महिला सशक्तिकरण’ के मार्ग में मील का पत्थर साबित होगी। यह देखकर गर्व होता है कि गाँव की महिलाएँ अब तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही हैं।”

समूह की अध्यक्ष ने बताया कि ‘बलिनी डिजिटल एक्सप्रेस’ के माध्यम से दूध और अन्य डेयरी उत्पादों की डोर-टू-डोर डिलीवरी संभव होगी। ग्राहक UPI/QR कोड के जरिए भुगतान कर सकेंगे, जिससे नकद रहित लेन-देन को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ, स्थानीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे। सांसद अनुराग शर्मा ने हमेशा से बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी को प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान किया है। उनके निरंतर प्रयासों से न केवल झाँसी संसदीय क्षेत्र बल्कि पूरे बुंदेलखंड में कंपनी ने अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में डिजिटल बदलाव की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगी।

Related Articles

Back to top button