थाने का भ्रमण कर छात्राओं ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली

- विशाल कुमार
उन्नाव। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे अभियान मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत आज प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन के बच्चों को महिला थाना का भ्रमण कराया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन एसआरजी डॉ. रचना सिंह ने किया।
महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह ने बालिकाओं और महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी और बच्चों को एफआईआर दर्ज कराने का तरीका समझाया। वहीं, पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सीनियर सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्रा ने थानों, पुलिस कंट्रोल रूम और 112 सेवा की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया।

छात्राओं को महिला हेल्पडेस्क, शस्त्र प्रबंधन, यातायात नियमों, महिला अधिकारों और साइबर अपराधों के बारे में भी जागरूक किया गया। इस दौरान छात्राओं ने अपनी जिज्ञासा अनुसार पुलिस कर्मियों से सवाल पूछे, जिनका रेखा सिंह और अनूप मिश्रा ने जवाब देकर समझाया।
बच्चों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई और बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग कर पुलिस सहायता तुरंत प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में एसआरजी डॉ. रचना सिंह, मुसर्रत फातिमा और विद्यालय की शिक्षिका नूपुर श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं।



