NEWSUttar Pradesh

आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे सीखें छात्राएं : सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्रा

पुलिसकर्मी की अनूठी पहल — बेसिक विद्यालय की छात्राएं सीखेंगी मार्शल आर्ट और जूडो

  • विशाल कुमार

उन्नाव। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ब्लॉक सिकंदरपुर कर्ण स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरी पीपरखेड़ा एवं कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन विद्यालय की सहायक शिक्षिका तथा जनपद की एस.आर.जी. डॉ. रचना सिंह के निर्देशन में किया गया। मिशन शक्ति कार्यक्रम महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रारंभ किया गया है।

इस अवसर पर पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्रा अपूर्व ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112 और 1930 की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को महिलाओं के कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया तथा आपात स्थिति में पुलिस से तुरंत सहायता प्राप्त करने के उपाय बताए।

सब इंस्पेक्टर मिश्रा ने छात्राओं को सतर्क और जागरूक रहने की प्रेरणा देते हुए बताया कि आत्मरक्षा हर लड़की के जीवन में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बेसिक विद्यालय की छात्राओं के लिए ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम’ की शुरुआत की।

राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो चैंपियन दीवा भारती और वर्षा गौतम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया, जिससे छात्राओं ने अपनी सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय सीखे।

कार्यक्रम में अनूप मिश्रा ने बच्चों से कई प्रश्न पूछे, जिनका छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सही उत्तर दिया। इसके साथ ही डॉ. रचना सिंह और अनूप मिश्रा ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने पॉलीथिन का प्रयोग न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रचना सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप मिश्रा और ताइक्वांडो प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर इंचार्ज शिक्षिका किरन अग्निहोत्री, सहायक शिक्षिका नुजहत परवीन, रेखा सिंह, अंकिता अवस्थी और रवि द्विवेदी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button