कानपुर नगर प्रथम स्थान पर, झांसी और ललितपुर को चली बैजयंती शील्ड

झांसी पुलिस लाइन में आयोजित 27वीं अन्तर-जिला पुलिस शूटिंग स्पोर्ट एवं अलार्म एफीसिएंसी प्रतियोगिता 2025 में कानपुर नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, झांसी और ललितपुर को उनकी उत्कृष्ट भागीदारी के लिए चल बैजयंती शील्ड से सम्मानित किया गया।
- अमन कुमार
झांसी। पुलिस लाइन झांसी में आयोजित 27वीं अन्तर-जिला पुलिस शूटिंग स्पोर्ट एवं अलार्म एफीसिएंसी प्रतियोगिता 2025 का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कानपुर नगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि झांसी और ललितपुर को चल बैजयंती शील्ड से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति द्वारा किया गया था और समापन समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। समापन अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि मुख्य अतिथि रहे, जिन्होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति भी उपस्थित रहे।

इस प्रतियोगिता में कानपुर जोन की कुल 09 टीमें—झांसी, जालौन, ललितपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, कन्नौज और फतेहगढ़—ने भाग लिया। प्रतियोगिता के विभिन्न स्पर्धाओं में कानपुर नगर के उपनिरीक्षक खलील अहमद ने शूटिंग स्पोर्ट में, झांसी की महिला उपनिरीक्षक शिवानी तंवर ने रिवाल्वर/पिस्टल स्पर्धा में और झांसी के आरक्षी हरीश ने एअसॉल्ट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दूसरे स्थान पर रिवाल्वर प्रतियोगिता में जालौन के आरक्षी राजीव कुमार और कार्बाइन स्पर्धा में झांसी के मुख्य आरक्षी श्याम सिंह रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया गया।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अरविन्द कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री अरीबा नोमान, क्षेत्राधिकारी नगर लक्ष्मीकांत गौतम, प्रतिसार निरीक्षक झांसी सुभाष सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता ने पुलिस कर्मियों में आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और टीम भावना को बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।



