NEWSUttar Pradesh

पुरवामीर में 267 छात्रों को टैबलेट वितरित, DM ने दिए भविष्य संवारने के टिप्स

  • दीपक कुमार

कानपुर नगर। पुरवामीर स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में गुरुवार को टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर लगभग 267 छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व एमएलसी लाल सिंह तोमर, ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर और प्रधान संघ अध्यक्ष रोहित सिंह तोमर ने किया।

छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया और विद्यालय स्टाफ ने जिलाधिकारी का स्मृति चिन्ह और पटका पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधान परिषद सदस्य लाल सिंह तोमर ने की, जबकि मंच का संचालन सत्यार्थ विक्रम ने किया।

डीएम ने विद्यार्थियों को दी प्रेरणा

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए भविष्य संवारने के पांच महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और जीवन में आने वाले उतार-चढ़ाव से डरना नहीं चाहिए। डीएम ने छात्रों को संघर्ष करने और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि लेखन का अभ्यास सीखने को स्थायी बनाने का सबसे प्रभावी तरीका है। “जो कुछ भी आप सीखें, उसे लिखना आवश्यक है। लिखने से मस्तिष्क, हाथ और आंखों का समन्वय होता है और ज्ञान लंबे समय तक स्मरण रहता है,” उन्होंने छात्रों को बताया।

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि अगर छात्र अगले पांच वर्षों में मेहनत करें, तो आने वाले पचास वर्ष सफल और सरल होंगे। उन्होंने उत्सुकता और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया।

विशिष्ट अतिथि महेश त्रिवेदी का संदेश

विशिष्ट अतिथि विधायक महेश त्रिवेदी ने कहा कि यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में सहायक होगी। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि टैबलेट का उपयोग सकारात्मक और ज्ञानवर्धक उद्देश्यों के लिए करें। महेश त्रिवेदी ने यह भी कहा कि जिन छात्रों के पास लैपटॉप नहीं है, वे इस पहल के माध्यम से डिजिटल शिक्षा से लाभ उठा सकते हैं।

अन्य प्रमुख उपस्थित लोग

इस अवसर पर उप-प्राचार्य एवं ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर, कॉलेज के प्रबंधक अरुण तोमर, प्रधान संघ अध्यक्ष रोहित सिंह, प्रधान आकाश चौहान, पूर्व प्रधान जितेंद्र सिंह और अन्य गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button