भाजपा का ‘मनुवादी तंत्र’ कमजोर वर्गों के लिए अभिशाप बन चुका है: मल्लिकार्जुन खड़गे का आरोप

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरियाणा के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार की कथित आत्महत्या को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘मनुवादी तंत्र’ इस देश के कमजोर और वंचित वर्गों के लिए अभिशाप बन चुका है।
खड़गे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भाजपा का मनुवादी तंत्र इस देश के एससी, एसटी, ओबीसी और कमजोर वर्गों के लिए एक अभिशाप बन चुका है।” उन्होंने कहा कि हरियाणा के वरिष्ठ दलित आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार की मजबूरन आत्महत्या की खबर न केवल स्तब्ध करने वाली है, बल्कि सामाजिक अन्याय, अमानवीयता और संवेदनहीनता का भयावह प्रमाण है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने मृतक अधिकारी के परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा ने इस देश में मनुवादी मानसिकता को इतना गहरा कर दिया है कि एडीजीपी रैंक के दलित अधिकारी को भी न्याय और सुनवाई का अवसर नहीं मिलता।
उन्होंने आरोप लगाया, “जब उच्चतम न्यायालय में सरेआम माननीय प्रधान न्यायाधीश पर हमले का प्रयास हो सकता है और भाजपा का तंत्र जातिवाद और धर्म का हवाला देकर उसका बचाव करता है, तो यह स्पष्ट हो जाता है कि ‘सबका साथ’ का नारा केवल एक भद्दा मज़ाक था।”
खड़गे ने आगे कहा, “हजारों वर्षों से मनुवादी मानसिकता की शोषण करने की आदत इतनी जल्दी नहीं बदल सकती। तभी हरिओम वाल्मिकी जैसे निहत्थे दलित की ‘मॉब लिंचिंग’ से नृशंस हत्या हो जाती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी निंदा के दो शब्द तक नहीं बोलते।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे केवल कुछ व्यक्तियों की त्रासदी नहीं, बल्कि भाजपा और संघ द्वारा पोषित उस अन्यायपूर्ण व्यवस्था का प्रतिबिंब बताया जो दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के आत्मसम्मान को बार-बार कुचलती रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यह प्रवृत्ति संविधान और लोकतंत्र दोनों के लिए घातक सिद्ध हो सकती है।
गौरतलब है कि 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार (52) हरियाणा में एडीजीपी रैंक पर कार्यरत थे। मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित उनके आवास में उनका शव बरामद किया गया था। पुलिस के अनुसार, उनके शरीर पर गोली के निशान पाए गए, और मामले की जांच जारी है।



