बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे भोजपुरी , “भाजपा का सिपाही बनकर रहूंगा” : अभिनेता पवन सिंह

- समय टुडे डेस्क।
भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और गायक पवन सिंह ने शनिवार को स्पष्ट किया कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ एक “सच्चे सिपाही” के रूप में जुड़े रहना चाहते हैं।
पवन सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है जब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर थी कि वे भोजपुर जिले की किसी सीट— खासकर आरा या बड़हरा— से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।
हाल ही में पवन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं।
पवन सिंह ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में लिखा, “मैं, पवन सिंह, अपने भोजपुरी समाज को बताना चाहता हूं कि मैं विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा में शामिल नहीं हुआ था और न ही मैं चुनाव लड़ना चाहता हूं। मैं पार्टी का एक सच्चा सिपाही हूं और आगे भी रहूंगा।” उन्होंने इस पोस्ट के साथ अमित शाह के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की।
गौरतलब है कि पवन सिंह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी थी। इस सीट से सीपीआई (एमएल) लिबरेशन के उम्मीदवार राजा राम कुशवाहा विजयी हुए थे।
इस बीच, शुक्रवार को पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने पटना में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात की, जिससे राजनीतिक हलकों में यह अटकलें तेज हो गईं कि उन्हें पार्टी से टिकट मिल सकता है।
हालांकि, प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा, “ज्योति जी आज हमसे मिलने आई थीं, लेकिन उनका उद्देश्य चुनाव लड़ना या टिकट लेना नहीं था। वह केवल अपनी कुछ व्यक्तिगत परेशानियां साझा करने आई थीं।”
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से ज्योति सिंह ने कई राजनीतिक नेताओं से मदद की गुहार लगाई है। हाल ही में पति-पत्नी के बीच विवाद उस समय सुर्खियों में आया जब ज्योति सिंह लखनऊ स्थित पवन सिंह के फ्लैट पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद पवन सिंह वहां से चले गए, जबकि ज्योति वहीं रहीं। बाद में पुलिस को बुलाया गया। इसके बाद ज्योति सिंह ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें घर से निकालने की धमकी दी गई।



