जिलाधिकारी ने छठ पूजा तैयारियों का किया निरीक्षण, आवश्यक व्यवस्थाओं के दिए निर्देश

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी निगरानी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था होनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित छठ पूजा के लिए भी विशेष व्यवस्थाओं को लागू करने का निर्देश दिया गया।
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आज पनकी नहर, अरमापुर नहर और सीटीआई नहर का निरीक्षण कर छठ पूजा के अवसर पर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी नगर डॉ. राजेश कुमार को सभी प्रमुख पूजा स्थलों पर पार्किंग व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट और नोडल अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी छठ पूजा स्थलों पर इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर स्थापित करने का आदेश दिया, जिसमें पुलिस, केस्को, नगर निगम, सिंचाई और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिलाधिकारी ने मेडिकल कैंप और अतिरिक्त एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा आसपास के अस्पतालों को एक्टिव मोड में रखने के निर्देश दिए।
नगर निगम अधिकारियों को अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था और विद्युत बैकअप सुनिश्चित करने तथा छठ पूजा स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
केस्को अधिकारियों को भी सभी स्थलों पर बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और लटकते हुए बिजली के तार ऊँचे करने के लिए निर्देशित किया गया, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



