सीएम योगी ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को दिखाई हरी झंडी, बोले— भारत की अखंडता से कोई समझौता नहीं


मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर अखंड भारत के उस सपने को साकार किया है, जो सरदार पटेल ने देखा था।”
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि “भारत की अखंडता और एकता के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं होगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है, और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके आदर्शों को अपने आचरण में अपनाएं। उन्होंने जातिवाद, परिवारवाद और छुआछूत के खिलाफ एकता का संदेश देते हुए कहा कि “राष्ट्र की एकता के लिए हर व्यक्ति को अपने मतभेद भुलाकर आगे आना होगा।”
पूरे देश में 600 से अधिक स्थानों पर हुआ आयोजन
सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से ही उन महानायकों को सम्मान देने की परंपरा शुरू हुई है, जिन्होंने भारत को एक सूत्र में बांधा। आज पूरे देश में 600 से अधिक स्थानों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित की गई, जिसमें युवाओं को राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने केवड़िया (गुजरात) में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के रूप में सरदार पटेल की स्मृति को अमर किया है, जो आज पूरे देश के लिए प्रेरणास्थल बन चुका है।

563 रियासतों का भारत में विलय सरदार पटेल की दूरदृष्टि का परिणाम
सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद ब्रिटिश साजिशों को नाकाम करते हुए सरदार पटेल ने 563 रियासतों का भारत गणराज्य में विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया। उन्होंने याद दिलाया कि जब हैदराबाद और जूनागढ़ ने भारत में शामिल होने से इनकार किया, तब पटेल ने पहले संवाद का मार्ग अपनाया, लेकिन जब राष्ट्र की एकता पर खतरा आया, तो उन्होंने कठोर निर्णय लेने से भी परहेज नहीं किया।
UP से सांस्कृतिक दल और कारीगरों का प्रतिनिधिमंडल जाएगा केवड़िया
योगी ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर उत्तर प्रदेश से एक सांस्कृतिक दल और हस्तशिल्पियों का प्रतिनिधिमंडल केवड़िया जाएगा। राज्यपाल के नेतृत्व में 12 नवंबर को सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि यह अवसर ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘स्वदेशी अभियान’ को मजबूती देने के साथ प्रदेश के कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का भी है।
75 जिलों में गूंजी एकता की भावना
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन हुआ, जिसमें लाखों युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है।
“राष्ट्र की एकता को कमजोर करने वालों का करें विरोध”
सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें हर उस शक्ति का विरोध करना चाहिए जो भारत की एकता को कमजोर करने का प्रयास करती है। उन्होंने सभी से अपील की कि समाज में फैले जातिवाद, परिवारवाद और भेदभाव जैसी बुराइयों को खत्म करने के लिए एकजुट होकर काम करें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद बृजलाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



