NEWSUttar Pradesh

जांच टीम के सामने भड़के CMS, लैब टेक्नीशियन से अभद्रता मामले में बढ़ी मुश्किलें

  • मनीष कुमार

कानपुर नगर। कांशीराम अस्पताल के सीएमएस डॉ. नवीन चंद्रा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लैब टेक्नीशियन दिशा अग्निहोत्री से अभद्रता के आरोपों की जांच के लिए गुरुवार रात शासन से पहुंची टीम के सामने सीएमएस का रवैया विवादित हो गया। टीम की मौजूदगी में उन्होंने दिशा से तेज आवाज में बात की और अभद्र टिप्पणी कर दी, जिससे जांच अधिकारी नाराज़ हो गए।

सूत्रों के अनुसार, शासन स्तर पर गठित उच्च स्तरीय जांच टीम में संयुक्त निदेशक पैरामेडिकल डॉ. रंजना खरे और डॉ. सुनील वर्मा शामिल थे। दोनों अधिकारी गुरुवार को कांशीराम अस्पताल पहुंचे और दिशा अग्निहोत्री व सीएमएस डॉ. नवीन चंद्रा के बयान दर्ज किए।

जांच के दौरान दिशा ने बताया कि सीएमएस ने उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया था। वहीं, सीएमएस ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि “मैंने कोई अभद्रता नहीं की, बस काम में ढिलाई होने पर सख्ती करता हूं।”

सूत्रों के मुताबिक, दिशा ने जांच टीम के सामने कहा कि —

“अगर डॉ. चंद्रा सार्वजनिक तौर पर माफी मांग लें या लिखित में माफीनामा दे दें, तो मैं शिकायत वापस ले लूंगी।”

लेकिन सीएमएस ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसी बीच वे टीम के सामने ही दिशा पर तेज आवाज में बोल पड़े, जिससे जांच अधिकारी डॉ. रंजना खरे ने नाराजगी जताई और उन्हें व्यवहार सुधारने की नसीहत दी।

मामले की जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। माना जा रहा है कि सीएमएस के रवैये से उनकी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

वहीं, सीएमएस डॉ. नवीन चंद्रा ने कहा—

“शासन से आई टीम ने बयान दर्ज किए हैं और केवल यह कहा है कि स्टाफ के साथ व्यवहार अच्छा रखें। मेरा व्यवहार हमेशा सामान्य रहता है, बस काम को लेकर सख्ती करनी पड़ती है।”

Related Articles

Back to top button