जिलाधिकारी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केन्द्र का किया निरीक्षण

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने आज एस. एन. सेन डिग्री कॉलेज में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित परीक्षा का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने परीक्षा केन्द्र पर की गई सभी व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों की तैयारियाँ, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरे, नियंत्रण कक्ष और प्रवेश मार्ग जैसी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि “कम्प्यूटर आपरेटर ग्रेड-ए”, “पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय)”, “पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक)” और “पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा)” परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पालन करें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि सुरक्षित और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएँ।



