कानपुर सुपर-100 ने शहर के विकास के लिए मंथन-विजन कानपुर आयोजित किया

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। शहर के बेहतर और आधुनिक स्वरूप को आकार देने के उद्देश्य से कानपुर सुपर-100 ने तिलकनगर स्थित भवन में रविवार को मंथन-विजन कानपुर कार्यक्रम आयोजित किया। वरिष्ठ उद्यमी नजम हमराज ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि शहर का नया रूप तभी संभव है जब एक मजबूत तंत्र और दूरदर्शी नेतृत्व मौजूद हो। उन्होंने विशेषज्ञों और समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों को एक मंच पर लाने पर जोर दिया।
विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
कानपुर सुपर-100 के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने कानपुर कॉन्क्लेव के आयोजन पर चर्चा करते हुए बताया कि इसमें शहर के अनुभवी विशेषज्ञ नए कानपुर की रूपरेखा तैयार करेंगे। वरिष्ठ उद्यमी और जेट के प्रबंध निदेशक बलराम नरूला ने कहा कि शहर का विकास नई सोच और रणनीति पर निर्भर करता है। प्रख्यात वास्तुशास्त्री विमल झाझरिया ने सरकार और समाज के सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया, जबकि पूर्व आईपीएस अधिकारी रतन श्रीवास्तव ने कहा कि विकास के लिए सुसंगठित विजन और योजनाबद्ध कार्य जरूरी है।

कानपुर सुपर-100 के विशेषज्ञ छोटे स्तर पर शहर का सर्वेक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेंगे, जो प्रशासन के लिए मार्गदर्शन का काम करेगी।
कार्यक्रम में शामिल प्रमुख हस्तियां
उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के डॉ. रजत आदित्य दीक्षित, गोपाल सूतवाला, कानपुर हेल्थ कमेटी के डॉ. राज तिलक सहित आयुर्वेदाचार्य डॉ. ओम प्रकाश आनंद, समाजसेवी अनिल गुप्ता, मुस्कुराए कानपुर सह अध्यक्ष राजेश ग्रोवर, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डोकनिया, हैप्पीनेस स्कूल के संयोजक और सरस्वती ज्ञान मंदिर के प्रबंधक अमित अग्रवाल कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस पहल का उद्देश्य शहर के सस्टेनेबल और स्मार्ट विकास के लिए विशेषज्ञों, प्रशासन और समाज के बीच एक मजबूत सहयोगी तंत्र तैयार करना है।



