“Run for Empowerment” का भव्य आयोजन, महिला सशक्तिकरण का दिया सशक्त संदेश

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत आईनेक्स्ट के सहयोग से “Run for Empowerment” का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन 29 मार्च 2026 को संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रीन पार्क से हुआ, जहाँ माननीया महापौर कानपुर नगर श्रीमती प्रमिला पांडेय एवं डीसीपी लाइन श्रीमती शिवा सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। यह दौड़ ग्रीन पार्क से प्रारंभ होकर कंपनी बाग होते हुए पुनः ग्रीन पार्क पर संपन्न हुई।

इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) श्रीमती अंजली विश्वकर्मा एवं अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) के निर्देशन में मिशन शक्ति टीम की महिला पुलिसकर्मियों तथा बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया।
आयोजकों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति सकारात्मक संदेश देना है। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस द्वारा एंटी रोमियो टीमों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है तथा कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, आमजन को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112 और 108 के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
यह आयोजन समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम के रूप में देखा जा रहा है।



