अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कोतवाली थाना में विशेष कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश


कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महिला स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और कानूनी अधिकारों पर हुई चर्चा। मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन 1090 व आपातकालीन सेवा 112 की दी गई जानकारी, आत्मरक्षा प्रदर्शन के साथ महिलाओं ने निकाली स्कूटी रैली।
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कानपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा थाना कोतवाली परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स शिवा सिंह एवं अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अर्चना सिंह के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान महिला स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा महिलाओं के कानूनी अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा अपने विचार साझा किए गए। साथ ही महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्पलाइन 1090 तथा आपातकालीन सेवा 112 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सेल्फ डिफेंस का प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे वे विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन शिवा सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए उनके सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर बल दिया, वहीं अपर पुलिस उपायुक्त अर्चना सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन पर महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से महिला स्कूटी रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर जागरूकता का संदेश दिया।



