प्रभावित किसानों को समयबद्ध मुआवजा देने पर जोर, फसल बीमा से जुड़ी अपील जारी
- दीपक कुमार
महोबा। बे-मौसम वर्षा एवं अतिवृष्टि के कारण प्रभावित एवं क्षतिग्रस्त फसलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। निर्देशों में कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल विस्तृत, वैज्ञानिक एवं पारदर्शी सर्वेक्षण कर क्षतिग्रस्त फसलों का यथार्थ एवं निष्पक्ष आकलन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सर्वेक्षण रिपोर्ट शीघ्रातिशीघ्र प्रस्तुत की जाए, ताकि शासनादेशों के अनुरूप पात्र कृषकों को समयबद्ध ढंग से मुआवजा प्रदान किया जा सके। अधिकारियों को यह भी स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सर्वेक्षण कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ किया जाए, जिससे कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रह जाए और राहत कार्य प्रभावी रूप से धरातल पर दिखाई दे।
🔹 किसानों से अपील:
जनपद के सभी किसानों से अपील की गई है कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अपनी फसल का बीमा कराया है और यदि आकस्मिक वर्षा, तेज हवा या बिजली गिरने के कारण फसल को नुकसान हुआ है, तो वे तुरंत टोल-फ्री नंबर 14447 पर 72 घंटे के भीतर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर सर्वे कर क्षतिपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
यदि फसल क्षति सर्वे के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होती है, तो किसान तत्काल अपने तहसील के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, उप कृषि निदेशक/जिला कृषि अधिकारी, महोबा अथवा उप कृषि निदेशक कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 05281-298520 पर संपर्क कर सकते हैं।


