अमर उजाला और श्री ओमर वैश्य युवा परिवार ने किया भगवान गणेश और मां लक्ष्मी का ससम्मान भू-विसर्जन

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। अमर उजाला और श्री ओमर वैश्य युवा परिवार की ओर से रविवार को ग्रीनपार्क के पीछे स्थित कालीघाट में भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजित मूर्तियों का ससम्मान भू-विसर्जन किया गया। शहरभर के 60 स्टॉलों से एकत्र की गई लगभग डेढ़ लाख मूर्तियों को नगर निगम के सहयोग से 15 फीट गहरे गड्ढों में रखा गया। इस अवसर पर पंडित संतोष कुमार शुक्ला, मंजेश शास्त्री और अन्य आचार्यों ने पूजन-अर्चन किया।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सुधार लाने के लिए ऐसे आयोजनों में भागीदारी आवश्यक है। एमएलसी अरुण पाठक ने प्रदूषण मुक्त विसर्जन को शानदार पहल बताया, जबकि विधायक अमिताभ बाजपेई ने इसे अनुसरणीय कार्य बताया। महाआरती और आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें महिलाओं और बच्चों ने सेल्फी पॉइंट पर फोटो भी खिंचवाई।

इस अवसर पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, स्वामी मनोजानंद महाराज गोल्डन बाबा, महामंडलेश्वर डॉ. अनीला योगेश्वरी गिरी, हास्य अभिनेता अन्नू अवस्थी, डॉ. हेमंत मोहन, ओमर उमर वैश्य महासभा के अध्यक्ष अजय गुप्ता समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्री ओमर वैश्य युवा परिवार के अध्यक्ष उत्कर्ष नाथ गुप्ता, महामंत्री वरुण ओमर और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।



