BundelkhandNEWS

आईआईएमए स्थापना दिवस पर झांसी में भव्य सांस्कृतिक संध्या व सम्मान समारोह आयोजित

  • पूजा परिहार

झांसी। इंडियन इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (आईआईएमए) के स्थापना दिवस के अवसर पर आईआईएमए झांसी शाखा द्वारा सांस्कृतिक संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र पटसारिया ने की। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगजीवन राम रहे, जबकि भाजपा उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री प्रदीप सरावगी, बुंदेलखंड राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रामकृष्ण राठौर एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर आईआईएमए झांसी की उपाध्यक्ष डॉ. नीलम आनंद, सचिव डॉ. देवेश मनोचा, कोषाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सोनी, उत्तर प्रदेश महासचिव डॉ. अनुपम सिंह एवं विमेंस फोरम सचिव डॉ. मोनिका मिश्रा उपस्थित रहीं।

जिलाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र पटसारिया ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं उनके परिवारजनों का स्वागत किया। सचिव डॉ. देवेश मनोचा ने संगठन की वार्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।

सम्मान समारोह के अंतर्गत स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. भरत सोनी को तथा आईआईएमए संगठन के उत्तर प्रदेश में विस्तार हेतु डॉ. सुनयना उपाध्याय को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. शशांक सिंघल द्वारा बच्चों में न्यूमोनिया के लक्षण व बचाव पर उपयोगी जानकारी दी गई। इसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में गणेश वंदना, हास्य-व्यंग्य कविता, सामूहिक नृत्य, बैंड प्रस्तुति, एकल व युगल नृत्य तथा गीतों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में जनपद के बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे। वर्षभर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय योगदान देने वाले सदस्यों एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्वाति श्रीवास्तव एवं डॉ. अर्पित कुमार ने संयुक्त रूप से किया, जबकि डॉ. अम्बर साहू ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button