NEWSUttar Pradesh

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: डीसीपी सेंट्रल

स्वरूपनगर कार्यालय में समीक्षा बैठक, कई थानों के अधिकारियों को दिए सख्त

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को स्वरूपनगर स्थित सेंट्रल कार्यालय में आईजीआरएस पोर्टल से संबंधित कार्यों की समीक्षा के लिए एक ब्रीफिंग आयोजित की। बैठक में थाना बेकनगंज, सीसामऊ, नवाबगंज, अनवरगंज और ग्वालटोली में आईजीआरएस पोर्टल के कार्यों का प्रभार देख रहे अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे

बैठक के दौरान डीसीपी सेंट्रल ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने लंबित मामलों में शीघ्र सुधार कर उनका जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान किया जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की स्पष्ट, तथ्यपरक और संतोषजनक रिपोर्ट पोर्टल पर दर्ज की जाए।

इसके साथ ही डीसीपी ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण के निस्तारण से पहले संबंधित अभिलेखों और तथ्यों की पूरी तरह जांच की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पोर्टल पर कॉपी-पेस्ट या औपचारिक जवाब देने से पूरी तरह बचा जाए और प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से समाधान किया जाए।

Related Articles

Back to top button