NEWS

राजग सरकार ने बिहार की महिलाओं को भय और बेबसी से मुक्त किया : स्मृति ईरानी

  • संगम झा

पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने महिलाओं को “बेबस‍ी और भय की छाया” से बाहर निकाला है।

पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईरानी ने कहा कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने महिलाओं से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ रोकने के लिए निर्वाचन आयोग से अपील की है।

ईरानी ने कहा, “जन धन योजना से बिहार की तीन करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत 1.16 करोड़ महिलाओं को फायदा हुआ है। प्रत्येक घर में शौचालय निर्माण का वादा भी पूरा किया गया है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि जहां एक ओर राजग सरकार महिला लाभार्थियों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेज रही है, वहीं दूसरी ओर राजद नेता इन लाभों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

गौरतलब है कि राजद सांसद मनोज झा ने 31 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि बिहार सरकार ने आदर्श आचार संहिता (MCC) लागू होने के बाद भी महिलाओं को राशि हस्तांतरित की है।

ईरानी ने बताया कि अब तक 1.3 करोड़ महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपए भेजे जा चुके हैं और प्रत्येक लाभार्थी को कुल दो लाख रुपए देने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा, “राजग सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनकी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए ऐतिहासिक महिला आरक्षण विधेयक भी पारित किया है।”

स्मृति ईरानी ने कहा कि विपक्ष के विरोध के बावजूद संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित होना भाजपा की महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को होंगे, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।

Related Articles

Back to top button