BundelkhandNEWS

आर्मी पब्लिक स्कूल झांसी में पॉक्सो एक्ट पर जन जागरूकता कार्यशाला सम्पन्न

अध्यापक-अध्यापिकाओं ने पॉक्सो एक्ट से संबंधित अनेक प्रश्न पूछे, जिनका संस्था के प्रशिक्षकों ने स्पष्ट, सटीक एवं विधिक उत्तर प्रदान कर सभी शंकाओं का समाधान किया।

  • पूजा परिहार

झांसी। सामाजिक संस्था नव-प्रभात के महिला प्रकोष्ठ एवं कृति अनुशासन निगरानी समिति द्वारा मिशन शक्ति फेस-5 के अंतर्गत आर्मी पब्लिक स्कूल, झांसी छावनी में “पॉक्सो एक्ट-2012 (यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण)” पर आधारित जन जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालय में पढ़ रहे छात्रों की सुरक्षा हेतु शिक्षकों को सजग व सतर्क बनाना था।

कार्यशाला की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्य मीनाक्षी पंजवानी एवं विशिष्ट अतिथि उप-प्रधानाचार्य नौशाद खान रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपम अग्रवाल ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए रूपम अग्रवाल ने उपस्थित लगभग 100 अध्यापक-अध्यापिकाओं को पॉक्सो एक्ट की प्रमुख धाराओं, गुड टच-बैड टच की पहचान, तथा बच्चों को आत्मरक्षा हेतु जागरूक करने के तरीकों पर प्रकाश डाला।

संस्था के प्रबंध निदेशक व अनुशासन प्रभारी सौरभ अवस्थी ने विभिन्न घटनाओं के उदाहरण देकर अध्यापकों को यह समझाया कि कैसे वे आकस्मिक परिस्थितियों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए पीड़ित की पहचान को गोपनीय रखते हुए उचित कदम उठाएं।

अनुशासन संयोजिका अर्चना अग्रवाल ने शिक्षकों को यह दायित्वपूर्ण सुझाव दिया कि वे बच्चों को यह सिखाएं कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की स्थिति में वे डरें नहीं, बल्कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या बाल कल्याण समिति के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

कार्यशाला का संचालन भी अर्चना अग्रवाल ने ही किया।

अंत में संस्था के प्रबंध निदेशक सौरभ अवस्थी ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, मीडिया टीम और कार्यशाला में योगदान देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

कार्यशाला में रूपम अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, प्रिया अवस्थी सहित संस्था व विद्यालय के अन्य सदस्य भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button