उड़ान में लगातार व्यवधान: DGCA ने इंडिगो के सीईओ को जारी किया कारण बताओ नोटिस

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। विमानन क्षेत्र में जारी अव्यवस्था के बीच नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने शनिवार को इंडिगो एयरलाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पीटर एल्बर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। DGCA ने एयरलाइन की उड़ानों में पिछले कई दिनों से हो रहे बड़े पैमाने पर व्यवधान पर गंभीर चिंता जताई है।
लगातार पाँच दिन से बाधित सेवाएँ
सूत्रों के मुताबिक, पिछले पाँच दिनों से इंडिगो की उड़ानों में भारी गड़बड़ी चल रही है।
- कई उड़ानें रद्द हुईं
- बड़ी संख्या में उड़ानें घंटों देरी से चलीं
- इससे हजारों यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा
DGCA ने इसे एयरलाइन के संचालन में ‘‘महत्वपूर्ण योजना, निरीक्षण और संसाधन प्रबंधन की कमियों’’ का संकेत बताया है।
सीईओ पर गंभीर टिप्पणी
नोटिस में DGCA ने लिखा है:
“सीईओ के रूप में आप एयरलाइन के प्रभावी प्रबंधन के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन आप समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने और यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहे हैं।”
नियामक ने एल्बर्स से 24 घंटे के भीतर विस्तृत जवाब मांगा है।
FDTL लागू करने में चूक भी बनी कारण
DGCA ने नोटिस में यह भी कहा कि इंडिगो FDTL (Flight Duty Time Limitation) योजना की संशोधित आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर पाई। इसी कारण शेड्यूलिंग और क्रू उपलब्धता पर असर पड़ा, जो उड़ान व्यवधानों का एक प्रमुख कारण बना।
जवाबदेह प्रबंधक को भी नोटिस
नियामक ने एयरलाइन के जवाबदेह प्रबंधक को भी समान कारण बताओ नोटिस जारी किया है।



