उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर उन्नाव में प्रशासन की तैयारी, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को किया ब्रीफ

- विशाल कुमार
उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव में जिलाधिकारी गौरांग राठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह सहित परीक्षा प्रभारी, केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सुरक्षा प्रभारियों को परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से ब्रीफ किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी तैनात कर्मियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, नकल या संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे समय से अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें। परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए।



