NEWSUttar Pradesh
उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर कानपुर देहात पुलिस सतर्क, होटलों व संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग

- विवेक कुमार
कानपुर देहात। आगामी उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कानपुर देहात पुलिस सतर्क हो गई है।

पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपदीय पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में होटलों, लॉज और अन्य संदिग्ध स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी गहन जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नकल की कोशिश को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए पुलिस टीमों को लगातार सतर्क रहकर निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।



