एडीजी जोन कानपुर आलोक सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों से किया संवाद

त्योहारों व कानून-व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। एडीजी जोन कानपुर आलोक सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर आगामी त्योहारों और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने कानपुर जोन के 137 थाना प्रभारी, 293 चौकी प्रभारी, 40 क्षेत्राधिकारी और 10 अपर पुलिस अधीक्षक से सीधा संवाद स्थापित किया।

बैठक में एडीजी ने आगामी पर्व ईद, रामनवमी, नवरात्रि और नवरोज को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे।
इसके साथ ही उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस/समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
एडीजी आलोक सिंह ने माफियाओं और संगठित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध करने वालों पर कड़ी और त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए शीघ्र सजा दिलाने पर जोर दिया।

उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर सतर्क निगरानी रखने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और आम जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को सजग एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र हरीश चन्दर सहित जोन के सभी जनपद प्रभारी अधिकारी भी मौजूद रहे।



