- शालिनी शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में एलपीजी की मांग और आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा एलपीजी की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों से लोगों को बचना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी की बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई वितरक एजेंसी या निजी व्यक्ति कालाबाजारी अथवा जमाखोरी में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर एलपीजी वितरक केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग को कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रत्येक जिले की स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी और ऑयल कंपनियों के स्थानीय प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय से एलपीजी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।


