
परशुराम सेवा समिति, संवेदना ग्रुप न्याय समिति व कानपुर मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक टीम का सहयोग
- विवेक कुमार
औरैया। जनपद के जालौन रोड स्थित अवस्थी प्लाज़ा में पावन गंगा सेवा संस्थान द्वारा आयोजित 198वां रक्तदान शिविर रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का आयोजन परशुराम सेवा समिति एवं संवेदना ग्रुप न्याय समिति के सहयोग से किया गया, जिसमें कानपुर मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक की दक्ष टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संस्था के संस्थापक प्रमोद कुमार गुप्ता के अनुसार, शिविर में लगभग 50 लोग रक्तदान के लिए पहुंचे, जिनमें से परीक्षण के उपरांत 35 लोग रक्तदान के लिए उपयुक्त पाए गए। इन सभी ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
शिविर के दौरान स्थानीय संस्थाओं के पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया। आयोजन स्थल पर उत्साहपूर्ण माहौल रहा और लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता देखने को मिली।
आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।


