कर्नाटक की ‘पांच गारंटी’ से महिलाओं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ : जयराम रमेश

- समय टुडे डेस्क।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक सरकार द्वारा लागू की गई ‘पांच गारंटी’ ने राज्य में प्रभावशाली और सार्थक बदलाव लाए हैं तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की है।
रमेश ने बताया कि चार प्रतिष्ठित शोध और शैक्षणिक संस्थानों के सम्मिलित अध्ययन के अनुसार, शक्ति योजना (मुफ़्त बस यात्रा) के तहत 19 प्रतिशत महिला लाभार्थियों को रोज़गार या बेहतर नौकरी मिली, जबकि बेंगलुरु शहरी क्षेत्र में यह आंकड़ा 34 प्रतिशत तक गया। 80 प्रतिशत लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच की पुष्टि की।
गृह लक्ष्मी योजना के तहत 94 प्रतिशत महिलाओं ने मासिक 2,000 रुपये का उपयोग आहार और पोषण में किया, 90 प्रतिशत ने स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च किया और लगभग 50 प्रतिशत ने बच्चों की शिक्षा में निवेश किया। रमेश ने कहा कि महिलाएं इस राशि का उपयोग परिवार की दीर्घकालिक भलाई में कर रही हैं।
अन्न भाग्य योजना ने 94 प्रतिशत लोगों को लाभ पहुँचाया, जिससे परिवार अब अतिरिक्त पोषण जैसे सब्ज़ियों और दूध पर खर्च कर रहे हैं। गृह ज्योति योजना (200 यूनिट मुफ्त बिजली) ने 72 प्रतिशत महिला लाभार्थियों को बिजली का अधिक उपयोग करने में सक्षम बनाया और 43 प्रतिशत ने समय बचाने वाले उपकरण खरीदे।
युवा निधि योजना के तहत 42 प्रतिशत लाभार्थियों ने प्राप्त धनराशि का उपयोग कौशल विकास और रोजगार पाने के प्रयासों में किया।
रमेश ने कहा, “नतीजा स्पष्ट है। महिलाएं अधिक स्वस्थ, गतिशील और सशक्त हुई हैं, परिवार अपने स्वास्थ्य और शिक्षा में दीर्घकालिक निवेश कर रहे हैं, और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ उभर रही है।”



