
गरीब और जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचेगी आधुनिक डिजिटल शिक्षा
- अभिषेक कुमार
कानपुर देहात। रनियां स्थित Frontier Alloy Steels Ltd. द्वारा संचालित Digital Literacy EKAL ON WHEEL कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एडीजी जोन कानपुर आलोक सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर एडीजी आलोक सिंह ने Computer Bus-02 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस गांव-गांव और शहर-शहर जाकर बच्चों को डिजिटल शिक्षा प्रदान करेगी। इस पहल का उद्देश्य खासकर गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों तक कंप्यूटर शिक्षा और तकनीकी ज्ञान पहुंचाना है।

तकनीकी शिक्षा से जुड़ेगा भविष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आलोक सिंह ने कहा कि आज के समय में कंप्यूटर और तकनीकी ज्ञान कोई विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। डिजिटल साक्षरता के माध्यम से युवाओं को शिक्षा के नए अवसरों के साथ-साथ बेहतर रोजगार के रास्ते भी मिलते हैं।
उन्होंने इस पहल को समाज के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी ज्ञान और अवसरों की पहुंच सुनिश्चित की जा सकती है।

समाज के उत्थान की दिशा में प्रेरणादायक पहल
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के प्रसार और सामाजिक उत्थान की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायक प्रयास बताया।
यह ‘ईकल ऑन व्हील’ पहल आने वाले समय में डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


