कानपुर देहात: विकास कार्यों की समीक्षा में डीएम ने दी चेतावनी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीएम कपिल सिंह ने सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से योजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
- विवेक कुमार
कानपुर देहात। कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बी, सी, डी और ई श्रेणी में दर्ज योजनाओं को जल्द से जल्द ‘ए’ श्रेणी में लाने पर जोर दिया। कार्यदायी संस्थाओं को समय सीमा में निर्माण कार्य पूरे करने और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारी या संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें और पोर्टल पर समय से डाटा अपलोड करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी एन., मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, परियोजना निदेशक वीरेन्द्र कुमार, उपायुक्त मनरेगा गंगाराम, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने अंत में दोहराया कि सभी योजनाओं को समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा करना अनिवार्य है, ताकि विकास कार्यों का सीधा लाभ जनता तक पहुंच सके।



