कानपुर में गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर सांसद रमेश अवस्थी की समीक्षा बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। कानपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमेश अवस्थी ने शहर में रसोई गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अपने आवास पर प्रशासनिक अधिकारियों और पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गैस आपूर्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने पर जोर दिया गया।
सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी उपभोक्ता को गैस की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक मूल्य वसूली जैसी अनियमितताएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। इसके साथ ही प्रशासन को गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी रखने और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
रमेश अवस्थी ने कहा कि जनता की सुविधा सर्वोपरि है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कानपुर के प्रत्येक घर तक गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों से नियमित समीक्षा और समन्वय के माध्यम से व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।



