एनसीआरपी पोर्टल के इनपुट पर पुलिस ने चलाया ऑपरेशन, 17 आरोपी फरार
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। एनसीआरपी पोर्टल के आधार पर चिन्हित साइबर फ्रॉड हॉटस्पॉट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना रेउना पुलिस ने 20 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 07 अप्रैल 2026 को चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें थाना साढ़, घाटमपुर, सजेती पुलिस टीम के साथ क्राइम ब्रांच एवं साइबर टीम (दक्षिण जोन) का भी सहयोग रहा।
पुलिस के अनुसार एनसीआरपी पोर्टल और प्रतिबिंब के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर क्षेत्र के कुछ गांवों को रेड और हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया था। इन स्थानों से देश के विभिन्न राज्यों—कर्नाटक, झारखंड, बिहार, उड़ीसा, दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य जनपदों में साइबर फ्रॉड कॉल्स किए जा रहे थे। इस संबंध में लगभग 15–16 शिकायतें विभिन्न राज्यों से प्राप्त हुई थीं, जिनमें मोबाइल नंबर और डिवाइस डिटेल के आधार पर लोकेशन ट्रेस की गई।
प्राप्त इनपुट के आधार पर डीसीपी, एडीसीपी एवं एसीपी स्तर पर रणनीति बनाकर कार्रवाई की गई। सीधे रेड करने पर आरोपियों के फरार होने की आशंका को देखते हुए टीम ने सर्विलांस और ड्रोन निगरानी के माध्यम से क्षेत्र को घेरकर ऑपरेशन को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय विरोध के बावजूद पुलिस टीम ने 20 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जबकि 17 आरोपी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
इस संबंध में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने जानकारी दी कि साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।


