कानून-व्यवस्था ध्वस्त, महिलाओं की सुरक्षा खतरे में: अखिलेश यादव

सपा सरकार बनी तो महिलाओं को हर साल ₹40 हजार देने का ऐलान, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं और सरकार इसे नियंत्रित करने में विफल रही है।
पार्टी मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि जब पुलिस से राजनीतिक कार्य कराए जाएंगे तो कानून-व्यवस्था कभी सुधर नहीं सकती। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति “हथेली गर्म, पुलिस नर्म” जैसी हो गई है।
घटनाओं का जिक्र कर सरकार पर सवाल
सपा प्रमुख ने गोरखपुर, वाराणसी, बदायूं और मथुरा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कई मामलों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में आरोपियों को थाने से छोड़ दिया गया और शिकायतों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई।
महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता परेशान है।
ग्रीन कॉरिडोर और विकास कार्यों पर उठाए सवाल
उन्होंने लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसका डिजाइन मानकों के अनुरूप नहीं है और उद्घाटन के बाद ही इसमें खामियां सामने आ गईं। उन्होंने इसे “ग्रीन कॉरिडोर नहीं, बर्बाद कॉरिडोर” करार दिया।
महिलाओं के लिए बड़े वादे
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी। उन्होंने घोषणा की कि महिलाओं को हर साल ₹40 हजार की सम्मान राशि दी जाएगी। साथ ही समाजवादी पेंशन योजना को फिर से शुरू किया जाएगा।
अन्य योजनाओं का भी जिक्र
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में रानी लक्ष्मी बाई सम्मान और यश भारती जैसी योजनाएं चलाई गई थीं, जिनसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया।
सपा प्रमुख ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में जनता बदलाव का निर्णय लेगी और समाजवादी पार्टी को मौका देगी



