NEWSUttar Pradesh

खादी वस्त्र नहीं, विचार है: राकेश सचान

मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का भव्य शुभारम्भ

  • दिव्या पाण्डेय

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारम्भ बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, लॉन नं०–2, कानपुर नगर में किया गया। यह 10 दिवसीय प्रदर्शनी 18 फरवरी, 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला उद्योग केन्द्र और स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु खादी, ग्रामोद्योग और माटीकला से संबंधित कुल 105 स्टॉल लगाए गए हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मण्डल स्तर पर प्रतिवर्ष इस प्रकार की लघु प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित इकाइयों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा सके।

प्रदर्शनी का उद्घाटन केबिनेट मंत्री राकेश सचान (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन/खादी एवं ग्रामोद्योग/हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग/रेशम विभाग, उत्तर प्रदेश) ने किया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि “खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि एक विचार है।” उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएँ युवाओं, महिलाओं और बेरोजगारों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना है कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति बेरोजगार न रहे और युवा एवं महिलाएँ उद्यम स्थापित कर रोजगार देने वाले बनें, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रुके और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिले।

मंत्री ने पॉपकॉर्न मशीन, दोना-पत्तल मशीन और विद्युत चलित चाक प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से परिश्रमपूर्वक कार्य कर स्वावलम्बी बनने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही युवाओं के लिए नई योजनाएँ प्रारम्भ की जाएँगी, जिससे बेरोजगारी की समस्या का समाधान संभव हो।

राकेश सचान ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए नारे “खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन” का उल्लेख करते हुए कहा कि उप्र माटीकला बोर्ड के अंतर्गत पारंपरिक कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी के उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल हैं। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि खादी वस्त्रों के साथ-साथ ग्रामोद्योग और माटीकला उत्पादों की अधिकतम खरीद करें, जिससे दूर-दराज से आए उद्यमियों की आजीविका में वृद्धि हो।

इस वर्ष आयोजित मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त कश्मीर, उत्तराखण्ड, राजस्थान, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के उद्यमियों ने स्टॉल लगाकर सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान गणेश वंदना एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसका निर्देशन प्रदीप श्रीवास्तव (ग़ज़ल गायक) के नेतृत्व में किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।

इस अवसर पर उप्र खादी ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता को परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा द्वारा प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक अरुण पाठक, अध्यक्ष जिला पंचायत स्वप्निल वरुण, सतीश महाना के प्रतिनिधि सुरेन्द्र अवस्थी, अभय कुमार त्रिपाठी, अखिलेश कुमार अग्निहोत्री, अशोक मिश्रा, मो० नसीम अहमद, बालकृष्ण देवड़ा, संजय अग्रवाल, योगेन्द्र पाल, मनोज पाठक, राजीव द्विवेदी, वरुण जौहरी, हरेंद्र निषाद, राकेश गुप्ता, राजेश कुमार, विवेक त्रिवेदी और आशीष सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button