अखिलेश यादव ने वर्चुअली किया उद्घाटन, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा पर दिया जोर
- अमित तिवारी
गोंडा। नेताजी श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की स्मृति में आयोजित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट प्रीमियर लीग सीजन-6 का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। उन्होंने सभी आयोजकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल के महत्व पर प्रकाश डाला।
अखिलेश यादव ने कहा कि खेल व्यक्ति में टीम भावना विकसित करता है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि गोंडा में पिछले कई वर्षों से टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होता आ रहा है। इस वर्ष यह प्रतियोगिता नगर अध्यक्ष मुजम्मिल सिद्दीकी (मतीन सिद्दीकी) एवं सभासद फहीम सिद्दीकी द्वारा अपने सहयोगियों के साथ आयोजित की जा रही है।

टूर्नामेंट में विजेता टीम को 3 लाख रुपये, उपविजेता को 1.50 लाख रुपये तथा सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को आयोजन समिति द्वारा इलेक्ट्रिक स्कूटी पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी।
इस प्रतियोगिता में शेरे हलधलमऊ, फाइन फर्नीचर गोंडा, रॉयल सीसी गोंडा, न्यू जनता मेडिकल हॉल, अखिलेश 11 गौरा चौकी, चंदौसी चैलेंजर संभल, राहुल 11 बाराबंकी, राधे ट्रेडर्स गोंडा, रबीश 11 सीतापुर, पुलिस लाइन गोंडा, एफसीसी बहराइच, कामाक्षी ग्रुप बाराबंकी, शाने मछरेहटा, गैलेक्सी शू सेंटर गोंडा, जीपीएस आरएनसी और टीम शारिक तारीक 11 भोपाल सहित कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता, पूर्व मंत्री राकेश कुमार वर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन समिति में जावेद अली, नूर मोहम्मद शिब्लू, अब्दुल्लाह अंसारी, जावेद अख्तर मंटू, दानियाल जमशेद, फैसल खान, काशिफ खान ओसामा समेत अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।


