चीन-जापान दौरे के बाद राष्ट्रपति भवन पहुंचे पीएम मोदी, राष्ट्रपति मुर्मू से की मुलाकात

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात उनके हालिया जापान और चीन दौरे के बाद हुई।
जापान यात्रा के दौरान दोनों देशों ने विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को नए स्तर पर ले जाने पर सहमति जताई। इस दौरान आर्थिक और निवेश संबंधों को और गहरा करने के साथ ही एआई और सेमीकंडक्टर जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
जापान से लौटने के बाद प्रधानमंत्री मोदी चीन के तियानजिन पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग के आमंत्रण पर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। भारत ने सम्मेलन में साझा चुनौतियों के समाधान और क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी अलग-अलग मुलाकातें कीं।
इस बीच, हाल ही में जीएसटी परिषद ने कई सुधारों को मंजूरी दी है, जिनका मकसद छोटे व्यापारियों, उद्योगों, किसानों और आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाना है। परिषद ने स्वास्थ्य, कृषि और श्रम-प्रधान क्षेत्रों में दरों को तर्कसंगत बनाने पर भी जोर दिया।



