मनन कुमार मिश्रा बने बार काउंसिल ऑफ इंडिया ( BCI) के अध्यक्ष, रचा इतिहास

बिहार के मूल निवासी मनन कुमार मिश्रा को लगातार सातवीं बार बीसीआई (बार काउंसिल ऑफ इंडिया) का अध्यक्ष चुना वह मौजूदा बीजेपी के राज्यसभा सांसद भी हैं। मनन कुमार मिश्रा पहली बार अप्रैल 2014 में बीसीआई के चेयरमैन निर्वाचित हुए थे। तब से वह लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं।
सौरभ शुक्ला
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और बीजेपी के राज्यसभा सांसद मनन कुमार मिश्रा देशभर के 27 लाख वकीलों की प्रतिनिधि संस्था बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पद परनिर्विरोध चुन लिए गए हैं। हालांकि, इस बार उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद विरोधी दलों की सक्रियता और कड़ा मुकाबला होने की अटकलें थीं, लेकिन अंततः कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतरा।
इससे पहले, बिहार राज्य बार काउंसिल चुनाव में लगातार सातवीं बार जीत दर्ज कर मिश्रा तीसरी बार बिहार से बीसीआई के सदस्य निर्वाचित हुए थे। अपनी जीत के बाद उन्होंने वकील समुदाय को मजबूत करने, अधिवक्ता अधिनियम में संशोधन और अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू कराने का संकल्प दोहराया।
मनन कुमार मिश्रा का जन्म बिहार के गोपालगंज जिले में कुचायकोट प्रखंड के तिवारी खरेया गांव में हुआ था। इनकी स्कूली शिक्षा गोपालगंज जिले में ही हुई। इसके बाद इन्होंने साल 1980 में पटना लॉ कॉलेज से वकालत की डिग्री हासिल की। ये अपने बैच के गोल्ड मेडलिस्ट थे। इन्होंने गोपालगंज सिविल कोर्ट से वकालत की शुरुआत की। इसके एक साल बाद 1982 में पटना हाईकोर्ट में बतौर वकील प्रैक्टिस शुरू की थी।
मनन कुमार मिश्रा सबसे पहले 1989 में बिहार स्टेट बार काउंसिल के सदस्य बने। इसी बीच 2007 में उन्हें वरीय अधिवक्ता बनाया गया. 2010 में पहली बार ये बीसीआई में स्टेट बार काउंसिल के प्रतिनिधि चुने गए. इसके बाद ये सुप्रीम कोर्ट पहुंचे। जहां लंबे समय तक वकालत करने के बाद 9 नवंबर 2014 को वह बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन बने। तब से ये इस पद पर काबिज हैं।



