जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुदेश कुमारी ने जिला कारागार का निरीक्षण कर बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जेल अधीक्षक राजेश कुमार पाण्डेय, डिप्टी जेलर प्रदीप कुमार एवं जेलर मनीष कुमार भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने 18 वर्ष से अधिक आयु के बंदियों के बैरक, महिला बैरक तथा कारागार अस्पताल का गहन अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सचिव सुदेश कुमारी ने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि जिन बंदियों के पास मुकदमे की पैरवी के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाता है।
निरीक्षण के दौरान जेल लीगल एड क्लीनिक का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर पैरालीगल वॉलेंटियर्स (पीएलवी) से संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली गई। सचिव ने पीएलवी को निर्देश दिए कि वे बंदियों को उनके अधिकारों एवं विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं के बारे में निरंतर जागरूक करते रहें।
अंत में अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों की सुविधाओं एवं उनके अधिकारों के संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।


