BundelkhandUttar Pradesh

झांसी: दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM और SSP ने किया पैदल गश्त

  • अमन कुमार

झांसी। दीपावली पर्व पर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। त्यौहारों के मद्देनज़र जिलाधिकारी मृदुल चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने शनिवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के मानिक चौक और सर्राफा बाजार सहित व्यस्त बाजारों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की।

गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजारों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का जायज़ा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने कहा कि त्यौहारों के दौरान खरीदारी के लिए बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पैदल गश्त के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। जिलाधिकारी ने व्यापारी प्रतिनिधियों और आमजन से संवाद कर बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों को 24×7 चालू रखने की अपील की।

उन्होंने व्यापारियों से कहा कि दुकान के बाहर सड़क पर सामान न रखें ताकि भीड़भाड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने तथा यातायात सुचारू रहे। डीएम और एसएसपी ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि त्यौहारों के दौरान सुरक्षा के सभी प्रबंध पुख्ता हैं और पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात है।

इस अवसर पर एसपी सिटी प्रीति सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा, सीओ ट्रैफिक रामवीर सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली राजेश पाल सिंह सहित नगर और संबंधित थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button